800 मीटर दौड़ में सूरज ने मारी बाजी, 600 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

एकलव्य स्टेडियम में तीन दिवसीय जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू, 10 जोन के बालक-बालिकाओं ने लिया हिस्सा

अंबेडकरनगर। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को माध्यमिक विद्यालयों की तीन दिवसीय जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले दिन 800 मीटर सीनियर बालक वर्ग की दौड़ में कटेहरी के सूरज ने पहला स्थान हासिल किया। नेवादा के मोहम्मद फारुख दूसरे और अकबरपुर के राजन तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में जिले के 10 जोन से 600 से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

दौड़ में स्नेहा और हिमांश ने भी दर्ज की जीत

800 मीटर सीनियर बालिका वर्ग में जलालपुर की स्नेहा प्रथम रहीं। जूनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में अकबरपुर की हिमांश ने पहला और मोहम्मद साहिब ने दूसरा स्थान हासिल किया। एक अन्य जूनियर बालिका स्पर्धा में राजेसुल्तानपुर की आरती प्रथम रहीं।

600 मीटर सब जूनियर बालक वर्ग में नाऊसांडा के चमन मौर्य ने बाजी मारी। सब जूनियर बालिका वर्ग में कटेहरी की लक्ष्मी प्रथम रहीं। गोला फेंक सीनियर बालिका वर्ग में अकबरपुर की शशिकला ने पहला स्थान पाया। लंबी कूद जूनियर बालक वर्ग में राजेसुल्तानपुर के अंशुमान और सीनियर बालक वर्ग में जलालपुर के आदित्य प्रथम रहे।

मार्च पास्ट से हुई प्रतियोगिता की शुरुआत

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। चित बहाल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, पूरनपुर की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके बाद 10 जोन के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। जिलाधिकारी ने सलामी ली और जनपद का ध्वज फहराया। उन्होंने रंगीन गुब्बारे भी छोड़े। खिलाड़ियों ने खेल भावना और सद्भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ ली। पिछले वर्ष के चैंपियन धावक आजम ने मशाल लेकर ट्रैक का चक्कर लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button