लखनऊ। दुबग्गा के सैदपुर गांव में किसान पथ के अंडरपास के पास शनिवार शाम 25 वर्षीय युवती का शव मिला। युवती उन्नाव की रहने वाली थी। शव की स्थिति और चेहरे पर चोट के निशान देखकर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। गले पर भी दबाव के निशान बताए गए हैं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
पुलिस को शव मिलने की सूचना रात करीब 9:30 बजे मिली। खबर फैलने के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव के पास मिले बैग में रखे आधार कार्ड के जरिए युवती की पहचान की। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
आधार कार्ड से हुई युवती की पहचान
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान उन्नाव जिले के सफीपुर क्षेत्र के काजियाना निवासी कमरुद्दीन की बेटी आशिया के रूप में हुई है। शव के पास मिले बैग में आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक कागज भी मिला है।
कागज पर लिखे मिले चार युवकों के नाम
पुलिस को बैग में मिले कागज पर चार युवकों के नाम और चार अंकों का एक नंबर लिखा मिला है। पुलिस ने फिलहाल उन नामों को सार्वजनिक नहीं किया है। आशंका जताई जा रही है कि चार अंकों का नंबर किसी वाहन से संबंधित हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कागज पर लिखे नामों और नंबर की जांच कर रही है। इनका घटना से क्या संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
डीसीपी पश्चिम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। अधिकारियों को जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में कौन शामिल था, इसका पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही चल सकेगा।









