तालाब किनारे मिली साइकिल, अगले दिन पानी में मिला किशोर का शव

सुबह घर से निकला 15 वर्षीय कृष्ण मोहन रातभर रहा लापता, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी जहांगीरगंज पुलिस

अंबेडकरनगर। घर से साइकिल लेकर निकला 15 वर्षीय कृष्ण मोहन अचानक लापता हो गया। परिजन गांव और रिश्तेदारों के यहां उसे तलाशते रहे। इसी बीच गांव के तालाब के किनारे उसकी साइकिल मिली। तलाश जारी रही और रविवार को उसी तालाब में किशोर का शव उतराता मिला। भौंरा गांव की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, उसकी मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के भौंरा गांव निवासी गंगाराम मौर्य का पुत्र कृष्ण मोहन शनिवार सुबह साइकिल से घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। रिश्तेदारों से भी जानकारी ली गई, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिला।

इसी दौरान उसकी साइकिल तालाब के किनारे मिली। इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। रविवार को तलाश के दौरान तालाब में उसका शव मिला। जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

साइकिल तालाब तक पहुंची कैसे, मौत की वजह भी सवाल

कृष्ण मोहन घर से निकलने के बाद तालाब तक कैसे पहुंचा? क्या हुआ कि उसकी साइकिल तालाब के किनारे मिली और बाद में उसी तालाब में शव बरामद हुआ? इन सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। किशोर की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button