- पहले चरण में 141 की हो चुकी है नियुक्ति
- दूसरे चरण के चयनितों का दो नवंबर से डायट आलापुर में शुरू होगा प्रशिक्षण
अंबेडकरनगर। परिषदीय विद्यालयों की बालवाटिकाओं में छोटे बच्चों को खेल और गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर देने के लिए जिले में 104 नए एजुकेटर तैनात किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही जिले में ईसीसीई एजुकेटर की नियुक्ति का दूसरा चरण भी पूरा हो गया।
कार्यक्रम में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल और मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने चयनित अभ्यर्थियों को बच्चों की सीखने की शुरुआती प्रक्रिया को सहज, रोचक और प्रभावी बनाने के लिए जिम्मेदारी से काम करने की अपील की।
दो चरणों में 245 एजुकेटरों की नियुक्ति
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में जिले में 141 ईसीसीई एजुकेटर नियुक्त किए जा चुके हैं। दूसरे चरण में रिक्त पदों के सापेक्ष रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन लिए गए। शासन के निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन और साक्षात्कार कराने के बाद 104 का चयन किया गया। दोनों चरणों को मिलाकर अब तक 245 एजुकेटरों की नियुक्ति हो चुकी है।
बच्चों को गतिविधियों से सिखाने का मिलेगा प्रशिक्षण
नियुक्ति पत्र पाने वाले दूसरे चरण के चयनित अभ्यर्थियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण दो और तीन नवंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), आलापुर में होगा। प्रशिक्षण में बाल-केंद्रित और गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति पर जोर दिया जाएगा, ताकि बालवाटिका में पढ़ने वाले बच्चों की उम्र और सीखने की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण गतिविधियां कराई जा सकें।









