अवध बार चुनाव: 22 पदों के लिए 5 हजार वकील कर रहे मतदान

अध्यक्ष पद पर 11 और महासचिव के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में; अधिवक्ताओं ने न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई

लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में अवध बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए बुधवार को मतदान हो रहा है। 22 पदों के लिए करीब पांच हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। चुनाव में अध्यक्ष, महासचिव समेत विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशी मैदान में हैं।

न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने की मांग

अधिवक्ता शोभा राजपूत ने कहा कि नए पदाधिकारियों से उनकी मांग होगी कि हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि जजों की कमी के कारण मुकदमों की सुनवाई लंबी खिंचती है। इससे अधिवक्ताओं के साथ उनके मुवक्किलों को भी परेशानी होती है। कई मामलों में बार-बार तारीख मिलने के बावजूद सुनवाई पूरी नहीं हो पाती और मुकदमों का निस्तारण देर से होता है।

मतदान के लिए पहचान पत्र अनिवार्य

चुनाव में वोट डालने के लिए अधिवक्ताओं को सीओपी प्रमाण पत्र या अवध बार एसोसिएशन का पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। सह चुनाव अधिकारी आरबीएस राठौर के मुताबिक, गुरुवार को मतगणना शुरू होगी, जो परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।

अध्यक्ष पद पर 11, महासचिव के लिए आठ प्रत्याशी

अध्यक्ष पद के लिए 11 और महासचिव पद के लिए आठ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष का पद महिलाओं के लिए आरक्षित है, जिस पर तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। उपाध्यक्ष मध्य पद के लिए 14 और उपाध्यक्ष जूनियर पद के लिए 12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

संयुक्त सचिव के पदों पर भी मुकाबला है। महिलाओं के लिए आरक्षित एक सीट पर सात प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। मतदान के बाद गुरुवार से शुरू होने वाली मतगणना पर प्रत्याशियों और अधिवक्ताओं की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button