नितिन नवीन ने साहित्यकारों से की मुलाकात

लखनऊ में पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह के आवास पर कलाकारों संग हुई सांस्कृतिक चर्चा

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लखनऊ में प्रख्यात साहित्यकार एवं पद्मश्री सम्मानित विद्या बिंदु सिंह के आवास पर पहुंचकर साहित्यकारों और कलाकारों से मुलाकात की। उनके साथ उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।

नितिन नवीन सुबह करीब 11:27 बजे विद्या बिंदु सिंह के आवास पहुंचे। देर से पहुंचने पर उन्होंने हाथ जोड़कर सभी से क्षमा मांगी और साहित्यकारों का अभिवादन किया। इसके बाद दोनों नेता घर के भीतर पहुंचे, जहां करीब 12 से 15 साहित्यकारों और कलाकारों के साथ लगभग 20 मिनट तक संवाद हुआ। इस बैठक में प्रसिद्ध लोकगायिका मालिनी अवस्थी भी शामिल रहीं।

विद्या बिंदु सिंह हिंदी और अवधी की चर्चित लेखिका हैं। उन्होंने 100 से अधिक कविताएं, कहानियां और लोकगीत लिखे हैं। उन्हें वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश सरकार का हिंदी गौरव सम्मान और वर्ष 2022 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया था।

बैठक के बाद लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने बताया कि चर्चा पूरी तरह साहित्य, संस्कृति और लखनऊ की परंपराओं पर केंद्रित रही। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन ने बेहद सहज माहौल में सभी से बातचीत की और किसी भी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।

मालिनी अवस्थी ने बताया कि बैठक के दौरान सभी ने पारंपरिक दही-जलेबी का स्वाद भी लिया और लखनऊ के खानपान, संस्कृति तथा साहित्यिक विरासत पर विस्तार से बातचीत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button