अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान करने वाले जिले के युवाओं के पास राज्य स्तर पर सम्मान पाने का मौका है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यक्तिगत श्रेणी के तहत प्रदेश के 10 युवाओं को विवेकानंद यूथ अवार्ड दिया जाएगा। इसके लिए 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा आवेदन कर सकते हैं। चयनित युवाओं को 50 हजार रुपये नकद, स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह पुरस्कार खेलकूद, वृक्षारोपण, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, जैविक खेती और स्वच्छता के क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं को दिया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय एकीकरण, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, पुस्तकालय संचालन, सौर ऊर्जा, शिक्षा और स्मार्ट लर्निंग सहित अन्य सामाजिक गतिविधियों में योगदान करने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं।
युवा कल्याण अधिकारी सुभाषिनी ने बताया कि आवेदन के साथ एक अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2026 तक किए गए कार्यों का विवरण देना होगा। इसके प्रमाण में फोटोग्राफ, समाचार पत्रों की कटिंग, प्रमाण पत्र और अन्य साक्ष्य भी जमा करने होंगे। आवेदन प्रपत्र और विस्तृत दिशा-निर्देश युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग से प्राप्त किए जा सकते हैं।
आवेदन खंड स्तरीय समिति के माध्यम से जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय में 20 नवंबर तक जमा होंगे। यहां से चयनित आवेदन 30 नवंबर तक महानिदेशालय, लखनऊ भेजे जाएंगे।








