आखिरी ओवर में दो छक्के जड़कर डॉक्टर्स इलेवन ने छीनी जीत

सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में क्रिएटर्स चैंपियंस को चार विकेट से हराया, डॉ. अभिनीत यादव बने मैन ऑफ द मैच

अंबेडकरनगर। यातायात माह के शुभारंभ पर आराध्या श्री फाउंडेशन की ओर से आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन ने क्रिएटर्स चैंपियंस अंबेडकरनगर को चार विकेट से हरा दिया। मंगलवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर के मैदान पर खेले गए मुकाबले का फैसला आखिरी ओवर में हुआ। जीत के लिए 14 रन की जरूरत थी, जिसे डॉ. अनीश ने दो छक्के जड़कर हासिल करा दिया।

टॉस जीतकर डॉक्टर्स इलेवन के कप्तान डॉ. जीडी वर्मा ने पहले क्षेत्ररक्षण चुना। क्रिएटर्स चैंपियंस ने 14 ओवर में आठ विकेट पर 120 रन बनाए। राहुल पांडेय ने 22 गेंदों पर 36, अंगद ने 20 और सुनील कुमार फागू ने दो छक्कों की मदद से 12 रन बनाए। डॉक्टर्स इलेवन की ओर से डॉ. अभिनीत और डॉ. अनीश ने दो-दो विकेट लिए।

जवाब में डॉक्टर्स इलेवन ने 13.3 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की शुरुआत खराब रही और 21 रन पर दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो गए। इसके बाद डॉ. अभिनीत यादव ने डॉ. हेमंत पालीवाल के साथ 40 और विमल कीर्ति के साथ 28 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। अभिनीत ने 27, हेमंत ने 22 और विमल कीर्ति ने 22 रन बनाए। क्रिएटर्स चैंपियंस के राहुल और पिंकेश ने दो-दो विकेट लिए। अंतिम दो ओवर में डॉक्टर्स इलेवन को 19 रन चाहिए थे। पिंकेश ने 13वें ओवर में सिर्फ पांच रन दिए, लेकिन अंतिम ओवर में डॉ. अनीश के दो छक्कों ने मैच का रुख बदल दिया।

मुख्य अतिथि जय हीरो एजेंसी के प्रबंध निदेशक रवि भद्र सिंह ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। एजेंसी की ओर से बाइक और स्कूटी पर बैठने वाले छोटे बच्चों को हेलमेट भी वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button