नई दिल्ली। दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। मोबाइल एक्सेसरीज की एक दुकान से शुरू हुई आग तेजी से फैलते हुए चार मंजिला इमारत तक पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रात 1:28 बजे दुकान नंबर 13/21 में लगी आग
पुलिस के मुताबिक, आग शुक्रवार रात करीब 1:28 बजे पुरी प्लाजा की ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान नंबर 13/21 में लगी थी। दुकान में मोबाइल बैटरियां रखी हुई थीं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैटरियों के गर्म होने या ओवरचार्जिंग की वजह से आग लगी होगी।
आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और इमारत के अन्य हिस्सों तक फैल गई। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
कई घंटे तक चला दमकल विभाग का अभियान
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 22 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों ने कई घंटे तक अभियान चलाया। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग शुरुआती जांच के आधार पर मामले की पड़ताल कर रहे हैं।









