BLA चीफ बशीर जेब को पद से हटाया

सभी अधिकार सीनियर कमांड काउंसिल को सौंपे

  • 16 अक्टूबर की बैठक में हुआ था फैसला, 3 नवंबर को जारी बयान में दी गई जानकारी
  • पाकिस्तानी सेना के खिलाफ नाकाम ऑपरेशन और आंतरिक मतभेदों को लेकर उठ रहे सवाल

क्वेटा। पाकिस्तान में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अपने कमांडर-इन-चीफ बशीर जेब को पद से हटा दिया है। संगठन के प्रवक्ता जियान्द बलोच ने 3 नवंबर को जारी बयान में नेतृत्व परिवर्तन की पुष्टि की। अब नए कमांडर की नियुक्ति होने तक संगठन के सभी प्रशासनिक, सैन्य और नीतिगत फैसले सीनियर कमांड काउंसिल लेगी।

द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फैसला 16 अक्टूबर को हुई संगठन की शीर्ष इकाइयों की संयुक्त बैठक में लिया गया था। बैठक में शामिल कमांडरों ने सर्वसम्मति से नेतृत्व परिवर्तन को मंजूरी दी थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक जानकारी करीब दो सप्ताह बाद सार्वजनिक की गई।

BLA ने इस बदलाव को संगठन के संविधान के तहत शांतिपूर्ण नेतृत्व हस्तांतरण बताया है। संगठन का दावा है कि फैसले से न तो कोई आंतरिक बंटवारा हुआ और न ही कमांडरों के बीच टकराव की स्थिति बनी।

नेतृत्व परिवर्तन की वजह पर संगठन ने नहीं दिया जवाब

BLA ने बशीर जेब को हटाने के पीछे कोई खास वजह नहीं बताई है। संगठन ने कहा कि यह फैसला 2018 में बनाए गए उसके संवैधानिक नियमों के मुताबिक लिया गया है। इन नियमों के तहत कोई भी व्यक्ति जीवनभर कमांडर-इन-चीफ के पद पर नहीं रह सकता।

हालांकि, मीडिया रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि संगठन के भीतर बशीर जेब की सैन्य रणनीति को लेकर नाराजगी बढ़ रही थी। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज (PICSS) की रिपोर्ट में भी हालिया सैन्य अभियानों और उनमें हुए नुकसान को लेकर संगठन के भीतर मतभेदों का जिक्र किया गया है।

कुछ रिपोर्टों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ नाकाम अभियानों और महिला आत्मघाती हमलावरों के इस्तेमाल को लेकर असहमति की बात कही गई है। हालांकि, BLA ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और न ही इन्हें पद से हटाने की आधिकारिक वजह बताया है।

बशीर जेब के नेतृत्व में BLA के बड़े हमले

बशीर जेब ने दिसंबर 2018 में असलम बलोच के बाद संगठन की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में BLA ने पाकिस्तान में कई बड़े हमलों की जिम्मेदारी ली। इन हमलों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों और चीन के हितों को निशाना बनाया गया।

चीनी वाणिज्य दूतावास, कराची – नवंबर 2018: BLA के हमलावरों ने कराची स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास पर हमला किया था। घटना में दो पुलिसकर्मियों समेत चार लोगों की मौत हुई थी। तीन हमलावर भी मारे गए थे।

पर्ल कॉन्टिनेंटल होटल, ग्वादर – मई 2019: ग्वादर के होटल में BLA के चार हमलावर घुसे थे। हमले में होटल के चार कर्मचारियों और नौसेना के एक जवान की मौत हुई थी। चारों हमलावर भी मारे गए थे।

पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज, कराची – जून 2020: BLA के चार हमलावरों ने स्टॉक एक्सचेंज परिसर पर हमला किया था। इस घटना में पांच सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई थी। चारों हमलावर भी मारे गए थे।

चीनी नागरिकों के काफिले पर हमला, ग्वादर – अगस्त 2021: BLA के आत्मघाती हमलावर ने चीनी नागरिकों और उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों के काफिले को निशाना बनाया था।

ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स – मार्च 2024: BLA की मजीद ब्रिगेड ने परिसर पर हमले की जिम्मेदारी ली थी। घटना में दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।

पीएनएस सिद्दीकी नेवल एयर बेस, तुरबत – मार्च 2024: BLA की मजीद ब्रिगेड ने पाकिस्तानी नौसेना के एयर बेस को निशाना बनाया था। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में हमलावर मारे गए थे।

जाफर एक्सप्रेस ट्रेन का अपहरण – मार्च 2025: BLA ने बलूचिस्तान में यात्री ट्रेन को रोककर यात्रियों को बंधक बना लिया था। इसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बचाव अभियान चलाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button