लखनऊ। लखनऊ के सरोजनीनगर में शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। झांसी से देवरिया लौट रही स्कॉर्पियो आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम के पिछले चारों पहिए वाहन से अलग होकर निकल गए। हादसे में स्कॉर्पियो सवार 22 वर्षीय हिमांशु की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा दरोगा खेड़ा के पास एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से उतरकर कानपुर रोड पर पहुंचने के दौरान हुआ। स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे। सभी देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के शंकर नगर मझौली के रहने वाले थे।
तड़के करीब 3 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो में हिमांशु (22), किशोर कुमार (25), सुधीर (23), सतीश (24), हीरा (25) और अच्छे लाल (27) सवार थे। वाहन किशोर कुमार चला रहा था। सभी लोग झांसी से अपने घर देवरिया लौट रहे थे और कानपुर एक्सप्रेसवे के रास्ते जा रहे थे।
शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उनकी स्कॉर्पियो सरोजनीनगर में दरोगा खेड़ा के पास एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से उतरकर कानपुर रोड पर पहुंची। इसी दौरान आगे चल रही डीसीएम से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे सभी लोग अंदर फंस गए।
फायर टीम ने गेट काटकर घायलों को बाहर निकाला
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ लोग अंदर फंसे हुए थे।
इसके बाद फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर टीम ने स्कॉर्पियो का गेट काटकर चालक किशोर कुमार और उसके बगल में बैठे हिमांशु को बाहर निकाला। अन्य लोगों को भी वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
लोकबंधु अस्पताल में हिमांशु की मौत
पुलिस सभी छह लोगों को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। बाकी पांच घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
हिमांशु के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे की आगे की कार्रवाई कर रही है।
डीसीएम छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डीसीएम के पिछले चार पहिए वाहन से अलग हो गए थे। पुलिस फरार चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।









