अंबेडकरनगर। जनगणना-2027 में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए अकबरपुर में जागरूकता गतिविधियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को बीएन डिग्री कॉलेज में जनगणना के द्वितीय चरण के तहत तीसरे बैच का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ओर से परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई गई। इसके जरिए लोगों को जनगणना में अपनी जिम्मेदारी निभाने और परिवार का सही विवरण दर्ज कराने का संदेश दिया गया।
रंगोली के जरिए बताई स्व-गणना की प्रक्रिया
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बनाई गई रंगोली के माध्यम से 16 से 30 नवंबर 2026 तक होने वाली स्व-गणना के बारे में जागरूक किया गया। इस अवधि में नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। नगर पालिका की इस पहल को प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों और प्रशिक्षणार्थियों ने सराहा।
दो चरणों में पूरी होगी गणना की प्रक्रिया
जनगणना कार्यक्रम के तहत स्व-गणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इन निर्धारित तिथियों के अनुसार नागरिकों को अपनी जानकारी दर्ज कराने और गणना प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई है।
हर वार्ड की सही गणना पर जोर
नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। नगर पालिका का संदेश है कि हर शहर और हर वार्ड के प्रत्येक परिवार का विवरण दर्ज हो, ताकि कोई भी नाम छूटने न पाए। इसके लिए स्व-गणना की निर्धारित अवधि में नागरिकों को अपने परिवार का ब्योरा दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।









