नोएल टाटा 70 साल की उम्र में छोड़ेंगे वोल्टास चेयरमैन का पद

12 नवंबर से मानद चेयरमैन बनेंगे नोएल टाटा; टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के CEO सुनील डिसूजा को मिली वोल्टास की जिम्मेदारी

टाटा ग्रुप की कूलिंग प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी वोल्टास में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर नोएल एन टाटा 11 नवंबर 2026 को अपने पद से रिटायर हो जाएंगे। 70 साल की उम्र पूरी होने के चलते टाटा ग्रुप की निर्धारित गाइडलाइंस के तहत उन्होंने यह फैसला लिया है।

नोएल टाटा के रिटायरमेंट के बाद कंपनी के बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर 2026 से चेयरमैन एमेरिटस यानी मानद चेयरमैन नियुक्त करने का निर्णय लिया है। इस पद पर रहते हुए वे कंपनी से जुड़े रहेंगे, हालांकि चेयरमैन की जिम्मेदारी किसी दूसरे अधिकारी को सौंपी जाएगी।

सुनील डिसूजा होंगे वोल्टास के नए चेयरमैन

वोल्टास के बोर्ड ने टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL) के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO सुनील डिसूजा को कंपनी का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। वह 12 नवंबर 2026 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

सुनील डिसूजा की अगुवाई में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स नमक, चाय, कॉफी, पैकेज्ड फूड और बेवरेज जैसे कारोबार संचालित करती है। कंपनी के प्रमुख ब्रांड्स में टाटा साल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा सम्पन्न शामिल हैं।

वोल्टास में उनकी नियुक्ति को टाटा ग्रुप की कंपनियों के बीच नेतृत्व की जिम्मेदारियों में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। अब डिसूजा के सामने वोल्टास के कारोबार और बाजार में कंपनी की स्थिति को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।

70 साल की उम्र पूरी होने पर पद छोड़ेंगे नोएल टाटा

नोएल टाटा का जन्म 12 नवंबर 1956 को हुआ था। वह 12 नवंबर 2026 को 70 साल के हो जाएंगे। कंपनीज एक्ट, 2013 के प्रावधानों के मुताबिक, 70 साल या उससे अधिक उम्र का व्यक्ति विशेष प्रस्ताव के बिना मैनेजिंग डायरेक्टर या होल-टाइम डायरेक्टर के पद पर नियुक्त नहीं रह सकता। हालांकि, कानून में निर्धारित प्रक्रिया के तहत विशेष प्रस्ताव से ऐसी नियुक्ति का प्रावधान भी है।

नोएल टाटा वर्ष 2003 से वोल्टास से जुड़े हुए हैं। फिलहाल वह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। टाटा ग्रुप में उनकी भूमिका को देखते हुए वोल्टास के चेयरमैन पद से उनका हटना महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।

ट्रेंट के चेयरमैन पद से भी दे चुके हैं इस्तीफा

टाटा ग्रुप की उम्र संबंधी नीति के तहत नोएल टाटा इससे पहले समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट के चेयरमैन पद से भी इस्तीफा दे चुके हैं। अब वोल्टास के चेयरमैन पद से उनका रिटायरमेंट इसी क्रम में एक और बड़ा बदलाव है।

नोएल टाटा के स्थान पर सुनील डिसूजा की नियुक्ति के साथ वोल्टास में नई नेतृत्व व्यवस्था 12 नवंबर से लागू हो जाएगी। वहीं, नोएल टाटा चेयरमैन एमेरिटस के रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button