- सुबह 6:54 बजे डिगारू स्टेशन पर हुआ हादसा
- इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतरे
- स्थानीय लोगों ने 50 यात्रियों के घायल होने की जानकारी दी
- हादसे से पहले लोको पायलट का वीडियो सामने आया
- यात्रियों के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई
कामरूप। असम के कामरूप में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू स्टेशन पर हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) का कहना है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
स्पीड कम नहीं कर सका लोको पायलट
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, ट्रेन को डिगारू स्टेशन पर दूसरी लाइन पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार कम नहीं कर सका और ट्रेन डेड एंड पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। टक्कर के बाद इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे से पहले का वीडियो आया सामने
हादसे से पहले का करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें इंजन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। वीडियो में कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और अन्य उपकरण नजर आ रहे हैं।
वीडियो में लोको पायलट कहते सुनाई दे रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है। सिग्नल रेड हैं और इमरजेंसी सिस्टम भी काम नहीं कर रहा। वह S-9 और A-9 ब्रेक सिस्टम का भी जिक्र करते हैं। उनके बयान से हादसे से पहले ट्रेन के ब्रेक और तकनीकी व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
राहत-बचाव दल ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था भी की गई।
29 अक्टूबर को भी पटरी से उतरी थी ट्रेन की ट्रॉली
इससे पहले 29 अक्टूबर को असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड में सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की आगे की ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। घटना सुबह करीब 8:50 बजे बदरपुर और सुकरितिपुर स्टेशनों के बीच हुई थी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, उस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या मौत की सूचना नहीं थी।








