फातिमा ज़हरा की शहादत पर तीन दिवसीय सेमिनार

लोरपुर ताजन की मस्जिद हुसैनाबाद में मौलाना सैय्यद हाशिम अली रिजवी ने रखे विचार, अज़ाए फ़ातमिया के उद्देश्य, खुत्बए फ़ेदकिया के महत्व और सामाजिक प्रभाव पर हुई परिचर्चा

अंबेडकरनगर। हज़रत फातिमा ज़हरा की शहादत दिवस के अवसर पर नगर के लोरपुर ताजन स्थित मस्जिद हुसैनाबाद में तीन दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें अज़ाए फ़ातमिया के उद्देश्य, खुत्बए फ़ेदकिया के महत्व और समाज पर इसके प्रभाव जैसे विषयों पर चर्चा हुई। सेमिनार में मौलाना सैय्यद हाशिम अली रिजवी हल्लौरी ने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

मौलाना ने कहा कि अज़ाए फ़ातमिया का उद्देश्य हज़रत फातिमा ज़हरा की शहादत को याद करने के साथ उनके जीवन, त्याग और इस्लाम के लिए किए गए कार्यों को लोगों तक पहुंचाना है। मजलिसों के माध्यम से उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाता है।

खुत्बए फ़ेदकिया के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि यह इस्लामी इतिहास का महत्वपूर्ण उपदेश है। इसे हज़रत फातिमा ज़हरा ने पैगंबर मोहम्मद साहब के इंतकाल के बाद मदीना की मस्जिद-ए-नबवी में दिया था। इसमें फ़दक की भूमि से जुड़े विवाद और अपने अधिकारों को लेकर उनकी बात प्रमुख रूप से सामने आई थी।

सेमिनार के तीसरे विषय में अज़ाए फ़ातमिया के सामाजिक प्रभाव पर चर्चा हुई। मौलाना ने कहा कि यह अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने तथा सच्चाई और न्याय के पक्ष में खड़े रहने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसी मजलिसें लोगों को इतिहास से जोड़ने के साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button