लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर इलाके में पशु क्रूरता का मामला सामने आया है। विपुल खंड-4 स्थित एसआरएस (SRS) मॉल के पास एक कार चालक ने कथित तौर पर कुत्ते पर गाड़ी चढ़ा दी। हादसे में कुत्ते का पैर बुरी तरह टूट गया, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
12 नवंबर को हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार, 12 नवंबर की है। कुत्ता सड़क पर था, तभी वहां से गुजर रही कार उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कुत्ते का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक ने रुककर घायल पशु की मदद करने के बजाय वहां से जाने का रास्ता चुना।
संस्था ने गोमतीनगर थाने में दी शिकायत
मामले में आसरा द हेल्पिंग हैंड्स ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को गोमतीनगर थाने में लिखित शिकायत दी गई। संस्था ने अपनी तहरीर में मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार (UP32 GY 6026) के चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जानबूझकर कुत्ते को कुचलने का आरोप
संस्था के पदाधिकारियों का आरोप है कि चालक ने जानबूझकर इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया। उनका कहना है कि इस घटना के कारण बेजुबान जानवर अपंग हो गया है और अत्यधिक पीड़ा में है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना और कार चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।









