लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में युवाओं को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने साढ़े नौ साल में 9.50 लाख युवाओं को नौकरी दी है। इस पर अखिलेश यादव पूछते हैं कि अब नौकरियां क्यों नहीं दे रहे हैं? योगी ने कहा कि उन्हें इसकी चिंता करने के बजाय यह बताना चाहिए कि चार बार मौका मिलने के बावजूद वे युवाओं को नौकरी क्यों नहीं दे पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 सितंबर से अब तक हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आने वाले समय में भी युवाओं को नौकरी देने का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “मैंने समाजवादी पार्टी के मुखिया को आश्वस्त कर दिया है कि चिंता मत करिए। तीसरी पारी आएगी तो नौकरियों में और भी चौके-छक्के लगाएंगे।”
25 लाख टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के पहले चरण में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए।
योगी ने युवाओं से कहा कि प्रदेश की करीब 60 प्रतिशत आबादी युवा है। उनके भीतर बजरंगबली जैसी ताकत और क्षमता है। उन्होंने युवाओं को टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने के लिए करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे पहले भी योजना के तहत पांच लाख टैबलेट दिए जा चुके हैं। अब 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट युवाओं को उपलब्ध कराए जाएंगे।
योगी बोले- यूपी में दंगाई चूहे बनकर बिलों में दुबक गए
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी में माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और दंगाई चूहे बनकर बिलों में दुबक गए हैं। उन्होंने कहा कि नकल माफिया पर भी लगाम लगाई गई है। पहले ऐसे तत्व युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा करते थे।
पहले भर्ती निकलते ही वसूली करने पहुंच जाते थे चाचा-भतीजे
योगी ने पिछली सरकारों की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले किसी भर्ती का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली करने निकल पड़ती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में भर्ती आते ही युवाओं के मन में आशंका पैदा हो जाती थी। नौकरी पाने के लिए पैसे देने पड़ते थे और कई बार युवाओं का पैसा भी फंस जाता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर पारदर्शिता और ईमानदारी से नियुक्तियां देने का काम किया है। अब युवाओं को नौकरी के लिए न सिफारिश की जरूरत है और न रिश्वत देने की।
युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने जा रहे हैं, उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जुड़वाना चाहिए।
योगी ने कहा कि मतदान करना हर पात्र नागरिक का अधिकार है। यदि कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता बनता है तो इससे किसी पात्र व्यक्ति के अधिकार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।









