नई दिल्ली। क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं, लेकिन अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी चीजें कम ही साझा करते हैं। रविवार को उन्होंने अपने प्रशंसकों के साथ एक ऐसी याद साझा की, जिसने उनके बचपन के दिनों को फिर से जीवंत कर दिया। सचिन ने अपने 49 साल पुराने बल्ले के साथ दो तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें एक तस्वीर उनके बचपन की है, जबकि दूसरी हाल की है।
बचपन का पोज किया रीक्रिएट
सचिन तेंदुलकर ने अपने एक्स हैंडल पर दो तस्वीरें साझा की हैं। पहली तस्वीर में वह बचपन में बल्लेबाजी की मुद्रा में बल्ला पकड़े नजर आ रहे हैं। दूसरी तस्वीर में उन्होंने उसी अंदाज और पोज को दोहराया है। दोनों तस्वीरों में सबसे खास समानता उनका बल्ला है, जो इतने साल बाद भी उनके पास सुरक्षित है।
लिखा- 49 साल बाद भी मेरे साथ है
सचिन ने तस्वीरों के साथ दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा, “यह 49 साल बाद भी मेरे साथ है।” इसके साथ उन्होंने हार्ट इमोजी भी साझा किया। उनकी इस पोस्ट से पुराने बल्ले के प्रति उनका लगाव साफ झलकता है।
प्रशंसकों ने साझा कीं अपनी यादें
सचिन की पोस्ट सामने आने के बाद उनके प्रशंसक भी पुरानी यादों में खो गए। सोशल मीडिया पर लोग उनकी तस्वीरों पर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और उनके क्रिकेट सफर से जुड़ी यादें साझा कर रहे हैं। सचिन की यह पोस्ट केवल एक पुराने बल्ले की तस्वीर नहीं, बल्कि उनके बचपन और क्रिकेट के प्रति लंबे जुड़ाव की झलक भी है।









