नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और इसकी बड़ी वजह बड़े पैमाने पर बेरोजगारी तथा शिक्षा व्यवस्था की गहरी समस्याएं हैं। राहुल के मुताबिक, युवाओं में निराशा बढ़ रही है, क्योंकि पढ़ाई पूरी करने के बाद भी उन्हें अपने भविष्य और रोजगार की संभावनाएं स्पष्ट नजर नहीं आ रही हैं।
राहुल गांधी ने ये बातें अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों, शिक्षकों और फैकल्टी सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान कहीं। वह दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं। इस कार्यक्रम में उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति के साथ चुनावी व्यवस्था, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियों पर भी अपनी बात रखी।
बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को बताया बड़ी चुनौती
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में बेरोजगारी की समस्या बड़े स्तर पर है। शिक्षा व्यवस्था में भी ऐसी खामियां हैं, जिनका असर युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री हासिल कर लेना रोजगार की गारंटी नहीं रह गया है। युवाओं को पढ़ाई के बाद भी अपने लिए बेहतर अवसर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने युवाओं में बढ़ती निराशा का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें एक बड़ा वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है और उसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। इसके बावजूद उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता स्पष्ट नहीं दिखता। राहुल के अनुसार, युवाओं की परेशानी की सबसे बड़ी वजह यही है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा है।
SIR पर खर्च को लेकर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की ओर से कराए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे सामान्य चुनावी अभियान से अलग बताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में जितना पैसा खर्च हुआ, वह अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक अधिक था।
उन्होंने सवाल किया कि इस अभियान में इतना पैसा कहां से आया और खर्च की गई रकम का पूरा ब्योरा क्यों सामने नहीं रखा जा रहा है। राहुल ने कहा कि SIR पर हुए खर्च को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए।









