लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित लखनऊ दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने शहर के सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान शुरू किया है। होटल, सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
होटलों में पहुंचकर पुलिस ने की जांच
इसी क्रम में पूर्वी जोन के गाजीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस टीम ने होटलों और सड़कों पर चेकिंग की। थाना प्रभारी राजेश मौर्य के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने होटल के रजिस्टरों की जांच की। इस दौरान कमरों में ठहरे लोगों की संख्या, उनकी पहचान और लखनऊ आने की वजह के बारे में जानकारी जुटाई गई।
संदिग्ध गतिविधियों पर पूछताछ
पुलिसकर्मियों ने होटल के कमरों में जाकर भी जांच की। संदिग्ध गतिविधि की आशंका पर कुछ लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों को हिदायत दी गई और कमरा खाली कराया गया।
कई थाना क्षेत्रों में बढ़ाई गई सतर्कता
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर विभूतिखंड, गोमतीनगर, चिनहट, गाजीपुर और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इन इलाकों में पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत होटल और सार्वजनिक स्थानों पर जांच अभियान भी जारी है।









