जमीन के सौदे में तीन चेक बाउंस

आरोपी को चार माह की जेल; 22.50 लाख रुपये देने का आदेश

अंबेडकरनगर। जमीन के सौदे में दिए गए तीन चेक बाउंस होने के मामले में अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया है। अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) राजन राठी की अदालत ने धर्मेंद्र कुमार वर्मा को चार माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई। साथ ही परिवादी अमित त्रिपाठी को 22.50 लाख रुपये क्षतिपूर्ति के रूप में देने का आदेश दिया।

जमीन नहीं मिली तो रकम वापसी के लिए दिए थे चेक
मामला अकबरपुर क्षेत्र का है। मीरानपुर निवासी अमित त्रिपाठी ने अकबरपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार वर्मा से जमीन का सौदा किया था। परिवादी के अनुसार, जमीन दिलाने के नाम पर उनसे कई बार रुपये लिए गए। जमीन नहीं मिलने पर रकम वापस करने के लिए धर्मेंद्र ने 20 लाख रुपये के तीन चेक दिए थे। अमित ने भुगतान के लिए चेक बैंक में लगाए, लेकिन तीनों अनादरित हो गए।

नोटिस के बाद भी नहीं हुआ भुगतान
चेक बाउंस होने के बाद अमित त्रिपाठी ने एक मई को विधिक नोटिस भेजा। इसके बावजूद 15 दिन की निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने 30 मई को अदालत में परिवाद दाखिल किया।

बचाव पक्ष की दलीलें अदालत ने कीं खारिज
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि 20 लाख रुपये नकद देने का कोई लिखित दस्तावेज या आय और बचत का प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया है। नकद भुगतान को लेकर आयकर अधिनियम का भी हवाला दिया गया। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि चेक मदद के लिए दिए गए थे और कुछ रकम का भुगतान पहले ही किया जा चुका है।

अदालत ने बचाव पक्ष के इन तर्कों को स्वीकार नहीं किया। मामले में आरोपी को दोषी ठहराते हुए चार माह के साधारण कारावास और 22.50 लाख रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश सुनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button