अंबेडकरनगर। मंच पर कभी हास्य के ठहाके गूंजे तो कभी संवेदनाओं से भरी पंक्तियों ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। कहीं जीवन में मुस्कान का संदेश मिला तो कहीं सामाजिक विसंगतियों पर तीखा कटाक्ष सुनने को मिला। परम फाउंडेशन के तत्वावधान में गुरुवार देर शाम आयोजित साहित्यिक महाकुंभ में कविता के ऐसे ही विविध रंग देखने को मिले। देश के प्रतिष्ठित मंचीय कवियों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक तालियां गूंजती रहीं।
स्माइल मैन सर्वेश अस्थाना के सधे हुए संचालन और अभय निर्भीक के संयोजन में आयोजित कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रभाव की रचनाएं प्रस्तुत की गईं। कवियों ने अपनी विशिष्ट शैली और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से श्रोताओं को बांधे रखा।
प्रताप फौजदार की पंक्तियों में दिखी मुस्कान की ताकत
कवि प्रताप फौजदार ने जीवन की चुनौतियों के बीच सकारात्मकता और मुस्कान का महत्व बताया। उनकी पंक्तियों ने श्रोताओं को खूब प्रभावित किया।
“बंद होठ समस्या की उपेक्षा करते हैं, हंसते हुए होठ समस्या का समाधान करते हैं।”
प्रियांशु गजेंद्र ने बताया, हर दौर से गुजरता है जीवन
प्रियांशु गजेंद्र ने जीवन के उतार-चढ़ाव को सहजता से स्वीकार करने का संदेश दिया। उन्होंने सुनाया—
“फूलों के दिन शूलों के दिन गुड़हल और बबूलों के दिन सबके आते हैं, दिन से क्या घबराना दिन तो आते जाते हैं।”
अतुल अजनबी की शायरी ने छेड़े संवेदनाओं के तार
अपनी खास अंदाज-ए-बयां के लिए चर्चित अतुल अजनबी ने भावपूर्ण पंक्तियों से श्रोताओं की सराहना बटोरी।
“हमने जब एतबार किया सर्द रात पर, सूरज उदास हो गया इतनी सी बात पर।”









