IIT खड़गपुर में बोले पीएम मोदी

50 साल पहले सेमीकंडक्टर कंपनी को रोकने का किया जिक्र, बोले- फाइलें तैयार करवाईं और आज देश में उत्पादन शुरू

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भारत की तकनीकी प्रगति, सेमीकंडक्टर उद्योग और संस्थान की उपलब्धियों पर बात की। करीब 23 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत ने चुनौतियों को स्वीकार कर तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का साहस दिखाया है। उन्होंने 50 साल पहले देश में सेमीकंडक्टर निर्माण की पहल को रोक दिए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सवाल उठाए गए थे कि भारत को इसकी जरूरत क्या है।

50 साल पहले सेमीकंडक्टर कंपनी को दिखाया गया था लाल झंडा

पीएम मोदी ने कहा कि करीब पांच दशक पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर बनाने आई थी, लेकिन उसे लाल झंडा दिखाकर रोक दिया गया। उस समय यह सवाल उठाया गया कि जब दूसरे देश भी सेमीकंडक्टर बना रहे हैं तो भारत को इसे बनाने की क्या जरूरत है और इससे देश को क्या हासिल होगा।

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने जिम्मेदारी संभाली तो इन सवालों की परवाह किए बिना अधिकारियों के साथ बैठकर फाइलें तैयार करवाईं। प्रधानमंत्री के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में कई सेमीकंडक्टर कंपनियां भारत आई हैं और उत्पादन भी शुरू कर चुकी हैं।

देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट फैसिलिटीज

प्रधानमंत्री ने भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में हो रही प्रगति का उल्लेख किया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट फैसिलिटीज हैं। इनमें माइक्रोन टेक्नोलॉजी, केन्स सेमीकॉन, सीजी सेमी, कॉन्टिनेंटल डिवाइस इंडिया और सुचि सेमीकॉन जैसी कंपनियों में उत्पादन शुरू हो चुका है।

बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक का सफर

IIT खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने संस्थान की उपलब्धियों और देश में आए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर ने भारत को बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक और डाकपत्रों से सोशल मीडिया तक का सफर करते देखा है।

मोदी ने कहा कि यह संस्थान ऐसी धरती पर बना है, जो कभी स्वतंत्रता सेनानियों का डिटेंशन कैंप हुआ करती थी। बंगाल की धरती ने राष्ट्रीय आंदोलन को दिशा दी है। यहां स्वतंत्रता सेनानियों की गतिविधियों और उनके संघर्ष की यादें आज भी प्रेरणा देती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button