अंबेडकरनगर। बेवाना फीडर के अहलादे गांव के जोगियानवा में बिजली विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां पिछले 25 दिनों से क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और टूटे बिजली के खंभों की मरम्मत नहीं हो सकी है। इससे नलकूपों की विद्युत आपूर्ति बाधित है। स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से किसानों में नाराजगी है। अब किसान मुख्यमंत्री से शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, धान की कटाई के दौरान मशीन की चपेट में आने से बिजली के खंभे टूट गए और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद से नलकूपों तक बिजली की आपूर्ति बंद है। किसानों का कहना है कि समस्या की जानकारी बेवाना विद्युत उपकेंद्र और बिजली विभाग की हेल्पलाइन 1912 पर दी गई, लेकिन 25 दिन बीतने के बाद भी मरम्मत नहीं कराई गई।
शिकायत के बाद भी नहीं बदली स्थिति
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। नलकूपों की बिजली बंद होने से किसानों को सिंचाई संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो परेशानी और बढ़ सकती है।
अधिशासी अभियंता बोले- दो दिन में ठीक होगी व्यवस्था
मामले को लेकर तमसा संकेत ने अकबरपुर के अधिशासी अभियंता विद्युत से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था को दो दिन के भीतर ठीक करा दिया जाएगा। अब देखना है कि विभाग अपने इस आश्वासन पर कितना जल्द अमल करता है।









