गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग

लखनऊ में किसानों का 1090 चौराहे पर प्रदर्शन

लखनऊ। लखनऊ में गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने समेत पांच मांगों को लेकर बुधवार को किसानों ने प्रदर्शन किया। आजाद भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसान 1090 चौराहे पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया।

किसानों ने खाद की बढ़ती कीमतों और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन फसलों की बिक्री से लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग

आजाद भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा कृषि लागत को देखते हुए किसानों को फसल का उचित मूल्य मिलना जरूरी है।

उन्होंने एनपीके खाद की कीमतों पर भी सवाल उठाए। सुनील कुमार यादव के मुताबिक, एनपीके खाद की कीमत 2,450 रुपये है। उन्होंने सरकार से इसकी कीमत कम करने की मांग की। उनका कहना है कि महंगी खाद के कारण किसानों के लिए खेती करना मुश्किल होता जा रहा है और कई किसान खेती से पीछे हटने को मजबूर हैं।

आलू की फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने से नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आलू की फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। किसानों का कहना है कि उत्पादन पर खर्च अधिक हो रहा है, लेकिन बाजार में आलू की कीमत से लागत निकालना मुश्किल है।

किसानों ने सरकार से गन्ने का उचित मूल्य तय करने, खाद सस्ती करने और आलू समेत अन्य फसलों के लिए लाभकारी कीमत सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button