
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) ने निर्णायक मोड़ ले लिया है। गणना प्रपत्र भरने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद अब निर्वाचन कार्यालय ने विलोपन की प्रक्रिया तेज कर दी है। सत्यापन के बाद जनपद में कुल 2,58,562 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने की तैयारी है। इसके बाद जिले में 16,12,214 मतदाताओं की संशोधित सूची प्रकाशित की जाएगी।
18.70 लाख मतदाताओं में से 2.58 लाख विलोपन के लिए चिन्हित
पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिले में कुल 18,70,776 मतदाताओं का सत्यापन किया गया। इसमें 44,524 मतदाता मृतक पाए गए, 46,266 मतदाता अनुपस्थित मिले, 1,41,890 मतदाता स्थायी रूप से पलायित हो चुके हैं। इसके अलावा 19,339 मतदाता डुप्लीकेट और 6,543 मतदाता अन्य श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। इन सभी को मिलाकर कुल 2,58,562 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से विलोपित किया जाएगा।
56 हजार से अधिक मतदाताओं को जारी होगा नोटिस
निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि सत्यापन के दौरान 56,185 मतदाता ऐसे पाए गए हैं, जिनकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। इन सभी को नोटिस जारी किया जाएगा और पहचान संबंधी दस्तावेज लिए जाएंगे। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में इन नामों पर भी विलोपन की कार्रवाई की जा सकती है।
पुनरीक्षण से पहले विधानसभा वार कुल मतदाता
पुनरीक्षण से पहले विधानसभा कटेहरी में 4,05,615, टांडा में 3,44,809, आलापुर में 3,54,895, जलालपुर में 4,20,401 और अकबरपुर में 3,45,056 मतदाता दर्ज थे। यह आंकड़े प्रारंभिक मतदाता सूची के अनुसार थे।
सत्यापन के बाद विधानसभा वार संशोधित मतदाता संख्या
सत्यापन के बाद अब विधानसभा कटेहरी में 3,51,623, टांडा में 2,95,511, आलापुर में 3,06,618, जलालपुर में 3,65,156 और अकबरपुर में 2,93,306 मतदाता शेष रह गए हैं। इन मतदाताओं के नाम अंतिम प्रकाशन में शामिल किए जाएंगे।









