आगरा। समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन में रविवार को राजनीतिक बयानबाजी के साथ कार्यकर्ताओं का उत्साह भी देखने को मिला। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बाल योगी को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद बाल योगी ने मंच से कहा, “मैं शपथ लेता हूं कि आज के बाद सपा के लिए ही जिंदा रहूंगा।” सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
मोहिबुल्लाह नदवी ने दिया मोहब्बत का संदेश
सम्मेलन में रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने दलित और मुस्लिम समाज को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दलित और मुस्लिम समाज को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता होशियार है और वह किसी के बहकावे में नहीं आने वाली।
नदवी ने कहा, “यह यूपी मोहब्बत से चलेगा, किसी की दादागीरी से नहीं चलेगा।” उनके इस बयान को सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सुना।
ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे कार्यकर्ता, बीन की धुन पर थिरके
आगरा के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह भी देखने लायक रहा। कई कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े लेकर कार्यक्रम में पहुंचे। कुछ कार्यकर्ता बीन की धुन पर नाचते नजर आए। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की।
67 साल के लखन सिंह साइकिल से पहुंचे आगरा
सम्मेलन में कन्नौज से आए 67 वर्षीय लखन सिंह यादव भी आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने तीन दिन में करीब 200 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय कर आगरा पहुंचने का दावा किया। लखन सिंह ने कहा कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। यह उनका राजनीतिक विश्वास और दावा है।
समाजवादी पार्टी का यह सम्मेलन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी ने आगरा के जीआईसी मैदान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं को जुटाया है।









