डॉक्टर आमोद की घातक गेंदबाजी से डॉक्टर्स इलेवन बना चैंपियन

रोमांचक मुकाबले में टीचर्स इलेवन को पांच रन से दी शिकस्त, आमोद और सौरभ ने झटके चार-चार विकेट

अंबेडकरनगर। रोड सेफ्टी सद्भावना कप के रोमांचक मुकाबले में डॉक्टर्स इलेवन ने टीचर्स इलेवन अंबेडकरनगर को पांच रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को अकबरपुर स्थित विशाल क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले गए मैच में डॉक्टर आमोद और डॉक्टर सौरभ सिंह की घातक गेंदबाजी जीत का टर्निंग पॉइंट रही। दोनों ने चार-चार विकेट हासिल किए।

यातायात पखवाड़े के तहत आराध्या श्री फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में टॉस जीतकर टीचर्स इलेवन ने पहले गेंदबाजी चुनी। शुरुआती झटकों से उबरते हुए डॉक्टर्स इलेवन ने 12.5 ओवर में 81 रन बनाए। डॉक्टर अभिनीत यादव ने 22 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। डॉक्टर साजन देव केसर ने 15 रन का योगदान दिया। टीचर्स इलेवन के शुभम ने चार और डीपी सिंह ने तीन विकेट लिए।

82 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीचर्स इलेवन की शुरुआत अच्छी रही। शुभम और चंद्रपाल ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। शुभम ने 26 गेंदों पर चार छक्कों और दो चौकों की मदद से 41 रन बनाए। हालांकि, डॉक्टर आमोद और डॉक्टर सौरभ की धारदार गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 13.5 ओवर में 76 रन पर सिमट गई।

डॉक्टर आमोद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। डॉक्टर सौरभ को बेस्ट फील्डर, डॉक्टर साजन देव केसर को बेस्ट विकेटकीपर और डॉक्टर अभिनीत यादव को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार मिला। शुभम फाइटर ऑफ द मैच बने।

मुख्य अतिथि डॉक्टर विजय यादव ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग तथा यातायात नियमों के पालन की अपील की। मैच में अंपायर अजय श्रीवास्तव और गौरव, कमेंटेटर डॉक्टर एसएम बाकिर और विक्रम सिंह तथा स्कोरर रवि शंकर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button