अखिलेश के पीडीए में अब सिर्फ ‘पी’ बचा

'डी' चंद्रशेखर और 'ए' ओवैसी ले गए : ओम प्रकाश राजभर

कैबिनेट मंत्री ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना, बोले- कांग्रेस 181 सीटें मांग रही, सपा इतनी सीटें नहीं देगी
अम्बेडकरनगर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान सपा, कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखे हमले किए। पीडीए की राजनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पास अब सिर्फ ‘पी’ बचा है। ‘डी’ चंद्रशेखर और ‘ए’ असदुद्दीन ओवैसी ले गए हैं।

राजभर ने कहा कि पीडीए के नाम में अब अखिलेश यादव के पास केवल पिछड़ा वर्ग का ‘पी’ रह गया है। उन्होंने ओवैसी के पीडीए को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया। राजभर ने दावा किया कि इसी वजह से अखिलेश यादव अब सनातन की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश न पूरी तरह सनातनी हो पा रहे हैं और न ही बाबर-अकबर को गले लगा पा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश ने अभी तक अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट नहीं किया है।

कांग्रेस 181 सीटें मांग रही, सपा के लिए देना मुश्किल
सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी राजभर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तीसरे मोर्चे में जाने की तैयारी कर रही है। वहां उसे अधिक सीटें मिल सकती हैं। राजभर के मुताबिक, कांग्रेस 181 सीटों की मांग कर रही है, जबकि उसके पास केवल दो विधायक हैं। सपा इतनी सीटें देने की स्थिति में नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button