बिना नंबर की बाइक पर निकले थे तीन चोर, 12 मोबाइल के साथ पुलिस के हत्थे चढ़े

शिवबाबा धाम के पास घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी, अंबेडकरनगर के कई इलाकों के साथ अयोध्या और सुल्तानपुर में चोरी की बात सामने आई

  • शिवबाबा धाम के पास पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ा
  • बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक पर सवार थे आरोपी
  • तलाशी में 12 मोबाइल फोन बरामद हुए

अंबेडकरनगर। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर निकले तीन युवकों को अकबरपुर पुलिस ने शिवबाबा धाम के पास दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से अलग-अलग कंपनियों के 12 मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अंबेडकरनगर के कई इलाकों के अलावा अयोध्या और सुल्तानपुर से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस बुधवार सुबह करीब आठ बजे शिवबाबा धाम के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक पर तीन संदिग्ध अन्नावा की ओर से कांशीराम कॉलोनी होते हुए शिवबाबा धाम की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शिवबाबा धाम मार्ग पर कांशीराम कॉलोनी के सामने घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से 12 मोबाइल फोन मिले। बाइक के नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पूछताछ में तीनों की पहचान अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र के साल्हीपुर निवासी नितेश अग्रहरि, लाला का पुरवा निवासी अभिषेक सिंह उर्फ देवदत्त और सालारपुर निवासी राकेश गुप्ता के रूप में हुई।

भीटी से अहिरौली तक चोरी की बात

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अंबेडकरनगर के भीटी, महरुआ, अकबरपुर और अहिरौली क्षेत्र से मोबाइल चोरी करने की बात कही। इसके अलावा अयोध्या और सुल्तानपुर में भी मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी।

पुलिस अब बरामद मोबाइलों के संबंध में संबंधित क्षेत्रों में दर्ज चोरी की घटनाओं से मिलान कर रही है। इससे यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद फोन किन घटनाओं से जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button