अंबेडकरनगर। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। शनिवार को रामनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर ‘आओ मिलकर हम सब एक दीप जलाएं’ कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें विधायक एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव त्रिभुवन दत्त ने कार्यकर्ताओं को अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और नए मतदाताओं को जोड़ने पर जोर दिया।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के नाम जुड़वाएं
त्रिभुवन दत्त ने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर विशेष प्रयास करें। कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने की अपील की। संगठन में आपसी समन्वय बनाए रखने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने की नसीहत भी दी।
एकजुटता को बताया संगठन की ताकत
सपा के प्रांतीय सचिव योगेंद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुटना होगा। संगठन की मजबूती और एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की अपील की।
युवाओं को बूथ की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान
युवा नेता राहुल दत्त यशवर्धन ने युवाओं से पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को मजबूती मिलेगी।









