रात में खेत गए दंपती, सुबह मिले शव; मौत की गुत्थी उलझी

महिला के गले और शरीर पर गंभीर चोट के निशान, पति के शरीर पर नहीं मिली बाहरी चोट

अंबेडकरनगर। धान के खेत में पानी लगाने गए दंपती की रात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह दोनों के शव गांव के बाहर चकरोड किनारे मिले। महिला के गले, पीठ और पैर पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि पति के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस जंगली जानवर के हमले की आशंका जता रही है। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों को घटना में अनहोनी का संदेह है। मौत की असल वजह जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मालीपुर क्षेत्र के आजनपारा गांव निवासी विष्णु लाल (45) रविवार रात करीब नौ बजे पत्नी द्रोपदी (39) के साथ धान के खेत में पानी लगाने गए थे। खेत में पानी खोलने के बाद दोनों घर लौट आए। रात करीब एक बजे वे दोबारा खेत की ओर निकले। इसके बाद दोनों घर नहीं पहुंचे।
सोमवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए निकले एक ग्रामीण ने खेत से लगभग 50 मीटर दूर चकरोड किनारे दोनों के शव पड़े देखे। खबर मिलते ही गांव में हलचल मच गई। विष्णु लाल के पिता रामकेवल समेत परिवार के लोग और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
महिला के गले पर गंभीर चोट, पति के शरीर पर कोई निशान नहीं
परिजनों के मुताबिक, विष्णु लाल के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। द्रोपदी की गर्दन के पिछले हिस्से में गंभीर चोट थी और वहां से रक्तस्राव हो रहा था। महिला की पीठ और पैर के कुछ हिस्सों पर भी गंभीर क्षति मिली। शवों की स्थिति को देखते हुए परिजन और ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button