किराए के मकान में धमाका, युवक झुलसा, दो बकरियों की मौत

कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के नया पुरवा गांव में मंगलवार देर रात एक किराए के मकान में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की दीवारें उड़ गईं और कमरे का कुछ हिस्सा ढह गया।

घटना के समय कमरे में सो रहा युवक मलबे की चपेट में आकर घायल हो गया और झुलस भी गया। वहीं मकान के बाहर बंधी तीन बकरियां दीवार गिरने से दब गईं, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई।

माचिस जलाते ही हुआ विस्फोट

जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर के दुबियाना गांव निवासी रमेश चंद्र नया पुरवा गांव में रमा शुक्ला के मकान में किराए पर रहकर निजी कंपनी में काम करता है। मंगलवार रात वह रोज की तरह कमरे में सोने गया था। देर रात धूम्रपान करने के लिए जैसे ही उसने माचिस जलाई, उसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया।

विस्फोट की तीव्रता से कमरे की दीवारों में दरारें आ गईं और एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। मलबा गिरने से रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमाके के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button