- हाइड्रा मशीन से हटाया जा रहा ट्रक
- यातायात रहा सामान्य
- किसी अन्य वाहन को नहीं हुआ नुकसान
लखनऊ। लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार को टाइल्स से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 289.800 पर मेहंदी नगर अंडरपास के पास हुआ। दुर्घटना में चालक सुरक्षित बच गया और उसे मामूली चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान से बिहार जा रहा ट्रक अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। हादसे में जोधपुर निवासी चालक राजाराम को केवल हल्की खरोंचें आईं, जिनका मौके पर ही प्राथमिक उपचार कर दिया गया।
ट्रक पलटने के बाद वाहन स्वामी को सूचना दे दी गई है। एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य बना रहा और किसी अन्य वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा। पलटे हुए ट्रक को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद से कार्रवाई जारी है। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रही है।









