लखनऊ। लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे से फतेहपुर जा रही रोडवेज बस मंगलवार सुबह मोहनलालगंज में हादसे का शिकार हो गई। यूपीएल फैक्ट्री के पास अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। इससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में चालक और परिचालक समेत पांच लोग घायल हो गए। बस में कुल 18 यात्री सवार थे।
चालक हरिओम (34) के मुताबिक, बस सुबह करीब 10:20 बजे आलमबाग से फतेहपुर के लिए रवाना हुई थी। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में यूपीएल फैक्ट्री के पास पहुंचते ही अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
पांच लोग घायल, दो को किया गया रेफर
हादसे में चालक हरिओम, परिचालक मुकेश कुमार (46) निवासी कानपुर देहात, वासुदेव निर्मल (68) निवासी साकेत नगर, लालगंज, रायबरेली, अतुल सिंह (28) और अशोक कुमार (35) घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के मुताबिक, चालक हरिओम और वासुदेव निर्मल को आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार किया गया। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह भी पढे़ :https://www.tamsasanket.com/lohia-institute-cleaning-workers-protest/
दूसरी बस से भेजे गए यात्री
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से फतेहपुर के लिए रवाना कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त बस सड़क पर खड़ी होने से यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए उसे हटाने का काम शुरू किया गया। बस को सड़क से हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है।









