- 15 नवंबर से लागू हुए नए रेट; 2026 में आठवीं बार बढ़े दाम, ऑटो यूनियन ने फिर उठाई किराया बढ़ाने की मांग
मुबंई। मुंबई और आसपास के इलाकों में रविवार, 15 नवंबर से सीएनजी (CNG) की कीमतों में 1.50 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो गई है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) के इस फैसले के बाद मुंबई में सीएनजी का खुदरा भाव बढ़कर 91.50 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। यह इस साल का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
कंपनी ने शनिवार को कीमतें बढ़ाने की घोषणा की थी। साल 2026 में यह आठवीं बार है, जब MGL ने सीएनजी के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले 1 नवंबर को भी कीमत में एक रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया था। जनवरी से अब तक सीएनजी कुल 11 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
गैस खरीदने की लागत बढ़ने से बढ़ाए दाम
महानगर गैस लिमिटेड के मुताबिक, गैस खरीदने की लागत में बढ़ोतरी के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कंपनी ने शनिवार को जारी बयान में इस फैसले की वजह बताई।
लगातार बढ़ती कीमतों का असर सीएनजी से चलने वाले वाहनों के खर्च पर पड़ रहा है। खासकर ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए ईंधन की लागत बढ़ने से कमाई पर दबाव बढ़ सकता है।
जनवरी में ₹80.50 थी कीमत, अब ₹91.50 हुई
मुंबई में जनवरी 2026 की शुरुआत में सीएनजी 80.50 रुपये प्रति किलो मिल रही थी। इसके बाद अलग-अलग महीनों में कीमतें बढ़ाई गईं। सितंबर की शुरुआत से अब तक ही सीएनजी 5.50 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
कीमतों में हुए बदलाव का क्रम इस प्रकार है:
- जनवरी 2026: सीएनजी 80.50 रुपये प्रति किलो थी।
- फरवरी: 50 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई।
- अप्रैल: कीमत एक रुपये प्रति किलो बढ़ाई गई।
- मई: दो बार दो-दो रुपये, यानी कुल चार रुपये की बढ़ोतरी हुई।
- सितंबर: दो रुपये प्रति किलो बढ़ने के बाद भाव 88 रुपये पहुंचा।
- अक्टूबर: एक रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई।
- 1 नवंबर: कीमत एक रुपये बढ़ाकर 90 रुपये प्रति किलो की गई।
- 15 नवंबर: 1.50 रुपये की ताजा बढ़ोतरी के बाद भाव 91.50 रुपये प्रति किलो हो गया।
ऑटो रिक्शा यूनियन ने फिर मांगा किराया बढ़ाने का फैसला
सीएनजी की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के बाद मुंबई के ऑटो रिक्शा यूनियनों ने एक बार फिर किराया बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई रिक्शामेन्स यूनियन के थम्पी कुरियन ने कहा कि सीएनजी के दाम बार-बार बढ़ने से हाल ही में बढ़ाए गए किराए का फायदा पूरी तरह खत्म हो गया है।
यूनियन का कहना है कि ईंधन महंगा होने से ऑटो चालकों का परिचालन खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में किराए में दोबारा बढ़ोतरी की मांग उठाई जा रही है।









