मिशन शक्ति के तहत छात्राओं के करियर मार्गदर्शन पर संगोष्ठी आयोजित

अकबरपुर (अम्बेडकर नगर)। महिलाओं और छात्राओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत मुख्यालय स्थित बी. एन. के. बी. पी. जी. कॉलेज, अकबरपुर में मंगलवार को “कैरियर काउंसलिंग” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों और रोजगार की दिशा में सही मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

संगोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में छात्राओं की उपस्थिति उत्साहजनक रही। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर हरिकेश यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मिशन शक्ति की संयोजक सुमित्रा पटेल ने प्रस्तुत किया।

प्राचार्या प्रो. शुचिता पांडेय ने दी प्रेरक सीख

कॉलेज की प्राचार्या प्रो. शुचिता पांडेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में करियर की योजना बनाना सफलता की दिशा में पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपनी रुचि, योग्यता और आत्मविश्वास के आधार पर करियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं अब केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान और उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। समाज में सशक्त भूमिका निभाने के लिए आत्मनिर्भरता आवश्यक है।

मुख्य वक्ता विनय कुमार ने बताया करियर के विविध विकल्प

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष विनय कुमार ने छात्राओं को प्रशासनिक सेवाओं, बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप्स और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के अवसर केवल सरकारी सेवाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि निजी क्षेत्र, डिजिटल प्लेटफॉर्म और उद्यमिता में भी असीम संभावनाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button