तिरुवनंतपुरम। केरलम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ करीब 20 साल पुराने रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच कराई जाएगी। केरलम के गृह मंत्री मेश चेन्निथला ने विजिलेंस विभाग को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला उस समय का है, जब ज्ञानेश कुमार केरलम में लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव थे। आरोप सड़क निर्माण से जुड़े केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (KSTP) के भुगतान को लेकर लगाए गए हैं।
कोल्लम के ठेकेदार साजन का आरोप है कि प्रोजेक्ट का काम पूरा होने के बाद भुगतान जारी करने के बदले उनसे दो करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। साजन के मुताबिक, इंजीनियरों ने करीब 17 करोड़ रुपये के बिल मंजूर कर दिए थे, लेकिन इसके बावजूद भुगतान के चेक रोक दिए गए।
ठेकेदार का दावा- रिश्वत नहीं मिलने पर रोका गया भुगतान
साजन के अनुसार, KSTP का काम मलेशियाई कंपनी PATI-BEL से जुड़ा था। कंपनी के प्रोजेक्ट इंजीनियर ली सी बीन ने उन्हें बताया था कि ज्ञानेश कुमार रिश्वत की मांग पूरी हुए बिना भुगतान के चेक जारी नहीं कर रहे हैं।
साजन का कहना है कि उन्होंने पैसे देकर मामला सुलझाने की बात भी कही थी, लेकिन कंपनी के अधिकारियों ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया। भुगतान अटकने के कारण कंपनी के ठेकेदारों और कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इंजीनियर ने बेंगलुरु के दूसरे प्रोजेक्ट से जुटाए थे पैसे
ठेकेदार के मुताबिक, भुगतान नहीं होने के कारण कंपनी के प्रोजेक्ट इंजीनियर ली सी बीन को कर्मचारियों और ठेकेदारों का बकाया चुकाने में परेशानी हो रही थी। इसके लिए उन्होंने बेंगलुरु में कंपनी के एक दूसरे प्रोजेक्ट से पैसे जुटाए थे।
साजन का आरोप है कि भुगतान में देरी और कथित रिश्वत मांगने की वजह से ली सी बीन मानसिक और आर्थिक दबाव में थे। वर्ष 2006 में उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। साजन का दावा है कि ली ने अपने सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का नाम भी लिखा था। ली के मलेशिया में रहने वाले परिवार ने भी कंपनी के कर्मचारियों को इस संबंध में जानकारी दी थी।









