एमआरए मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चालकों व ईएमटी का प्रशिक्षण शुरू

अंबेडकरनगर। शासन के निर्देशानुसार महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चालकों एवं आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियनों (ईएमटी) के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। 10 से 12 फरवरी तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रधानाचार्य डॉ मुकेश यादव के मार्गदर्शन और वाहन प्रभारी डॉ विवेक श्रीवास्तव के अनुरोध पर निश्चेतना विभागाध्यक्ष डॉ राना प्रताप के नेतृत्व में शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद में संचालित एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) और बीएलएस (बेसिक लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस के चालक तथा ईएमटी कर्मचारी प्रतिभाग कर रहे हैं।

कुल 108 प्रतिभागियों को मिलेगा प्रशिक्षण

तीन दिवसीय कार्यक्रम में कुल 108 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाना है। प्रतिदिन 36 प्रतिभागियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की क्षमता विकसित करना है।

सीपीआर और प्राथमिक उपचार पर विशेष जोर

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न आपात स्थितियों में मरीजों की जान बचाने के लिए प्राथमिक उपचार की तकनीक, समय प्रबंधन का महत्व और सीपीआर की विधि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) एक जीवन रक्षक प्रक्रिया है, जिसका उपयोग उस स्थिति में किया जाता है जब किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति रुक जाती है। विशेषज्ञों ने सीपीआर की सही तकनीक का प्रदर्शन कर व्यावहारिक अभ्यास भी कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button