लखनऊ। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के असर से उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत आठ राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। सिस्टम दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से लगातार बारिश हो रही है। कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। बारिश और आंधी से जुड़े अलग-अलग हादसों में 12 लोगों की मौत की सूचना है। प्रदेश के 32 जिलों में बाढ़ का खतरा बताया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए शनिवार को 58 जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। लखनऊ, सुल्तानपुर और शामली में सभी विश्वविद्यालय और कॉलेज भी बंद रहेंगे।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार पलटी
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आंधी और बारिश के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद कार में पांच लोग फंस गए। वहीं आगरा में तेज बारिश के बीच तेज रफ्तार कार फिसलकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। लखीमपुर में ट्रॉली से टकराने के बाद अर्टिगा कार खाई में जा गिरी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दीवार गिरने से तीन-तीन लोगों की मौत
लखीमपुर और बाराबंकी में बारिश के दौरान दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। फतेहपुर में भी दीवार गिरने की घटना में आठ साल के बच्चे की जान चली गई। प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।









