
- लुधियाना में 23 वर्षीय धार्मिक गायिका ने फंदा लगाकर जान दी
- परिवार घर लौटा तो चुन्नी से लटकता मिला शव
- माता के जागरण में भजन गाती थी सिमरन पांडे
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली 23 वर्षीय धार्मिक गायिका सिमरन पांडे ने मंगलवार देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। रात करीब 11 बजे परिजन लौटे तो सिमरन को चुन्नी के सहारे फंदे से लटकता पाया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
धार्मिक कार्यक्रमों में करती थी भजन गायन
सिमरन के पिता अजय पांडे ने बताया कि वे पिछले 15 साल से लुधियाना में रह रहे हैं। सिमरन धार्मिक प्रवृत्ति की थी और माता के जागरण में भजन गाती थी। दो दिन पहले ही वह एक जागरण से लौटकर आई थी।
दौरे पड़ते थे, डिप्रेशन से जूझ रही थी युवती
पिता के मुताबिक, सिमरन को अक्सर दौरे पड़ते थे और इसी वजह से वह डिप्रेशन का शिकार हो गई थी। परिवार का कहना है कि सिमरन ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं थी, लेकिन धार्मिक सोच वाली थी। वे थाना टिब्बा क्षेत्र के न्यू स्टार कॉलोनी में रहते हैं।
माता-पिता के बयान में विरोधाभास
मामले में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि सिमरन के माता-पिता के बयानों में अंतर है। जहां पिता अजय ने बताया कि बेटी अनपढ़ थी, वहीं मां प्रतिभा ने कहा कि सिमरन 12वीं पास थी।
भाई से विवाद की बात सामने आई
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से पहले सिमरन के भाई शिवम और पिता अजय में विवाद हुआ था। विवाद के बाद शिवम घर से बाहर चला गया। कुछ समय बाद ही सिमरन का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस कर रही जांच, मोबाइल की होगी फॉरेंसिक जांच
फिलहाल सिमरन का मोबाइल पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सके। ASI रविंदर ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।







