अम्बेडकरनगर। नगर पंचायत इल्तिफातगंज की करीब 83.86 लाख रुपये की ई-निविदा प्रक्रिया को लेकर शिकायत सामने आई है। मामले में कथित रूप से कूटरचित अनुभव प्रमाण-पत्र के आधार पर निविदा में पात्रता हासिल करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ विभागीय व आपराधिक कार्रवाई की मांग की गई है।
जांच रिपोर्ट में निविदा प्रक्रिया पर उठे सवाल
शिकायत के अनुसार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं प्रभारी अधिकारी, स्थानीय निकाय अम्बेडकरनगर की 10 अप्रैल 2026 की जांच आख्या में ई-निविदा संख्या 1028, दिनांक 3 फरवरी 2026 से जुड़े मामले का उल्लेख किया गया है।
बताया गया कि करीब 83.86 लाख रुपये के कार्य के लिए निविदाकार के पास कम से कम 28 लाख रुपये लागत के समान कार्य का अनुभव होना जरूरी था। आरोप है कि ठेकेदार रामअचल की ओर से नगर पंचायत जहांगीरगंज द्वारा जारी अनुभव प्रमाण-पत्र में एक कार्य की अनुमानित लागत 30.32 लाख रुपये दर्शाई गई थी।
कार्य की लागत को लेकर लगाया गया आरोप
शिकायत में दावा किया गया है कि संबंधित कार्य की वास्तविक स्वीकृत लागत 16.01 लाख रुपये थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अधिक लागत दर्शाए गए अनुभव प्रमाण-पत्र के आधार पर निविदा में पात्रता प्राप्त करने का प्रयास किया गया।
जांच रिपोर्ट में निविदा प्रक्रिया को त्रुटिपूर्ण बताया गया, जिसके बाद संबंधित ई-निविदा को निरस्त कर दिया गया।
ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता का कहना है कि कथित रूप से गलत अनुभव प्रमाण-पत्र जारी करने वाले अधिकारी और उसका उपयोग करने वाले ठेकेदार के खिलाफ अभी तक कोई विभागीय या आपराधिक कार्रवाई नहीं की गई है।









