- CJP ने देर रात जारी किया वीडियो
- सरकार ने सुरक्षा का दिया भरोसा
- प्रदर्शनकारियों पर भविष्य में कार्रवाई नहीं होगी
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि छात्र आंदोलन से जुड़े सभी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ली जाएंगी। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास और रत्ना ने सोमवार देर रात वीडियो जारी कर कहा कि सरकार की ओर से उन्हें इस संबंध में भरोसा दिया गया है।
सरकार ने दिया भरोसा
सौरव दास ने बताया कि सरकार के प्रतिनिधि और दिल्ली पुलिस के अधिकारी उनसे मिलने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार सरकार के गृह विभाग की एक प्रेस रिलीज दिखाई, जिसमें प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने और भविष्य में कोई कार्रवाई न करने की बात कही गई है।
प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा का आश्वासन
CJP का कहना है कि उन्हें आशंका थी कि अलग-अलग राज्यों में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। इस पर सरकार ने सुरक्षा की गारंटी देने और इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रदर्शनकारी पर कार्रवाई न हो।
शाम को दी थी आंदोलन की चेतावनी
इससे पहले सोमवार शाम CJP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चेतावनी दी थी कि यदि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।
समझौते का हवाला
पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया था कि सरकार समझौते का पालन नहीं कर रही है। उनका कहना था कि आंदोलन सरकार के इस आश्वासन पर समाप्त किया गया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। हालांकि, उस समय सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।









