- हमास ने हथियार छोड़ने पर जताई सहमति
- चरणबद्ध तरीके से गाजा से हटेगी इजराइली सेना
- नई फिलिस्तीनी पुलिस और अंतरराष्ट्रीय बल संभालेंगे सुरक्षा
- 14 दिन में तय होगी समझौते की टाइमलाइन
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को दावा किया कि गाजा में हमास और इजराइल के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। उनके अनुसार, हमास और अन्य सशस्त्र संगठनों ने हथियार छोड़ने पर सहमति व्यक्त की है, जिसके बाद इजराइली सेना चरणबद्ध तरीके से गाजा से पीछे हटेगी।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि यह समझौता कई चरणों में लागू किया जाएगा। जैसे-जैसे हमास अपने हथियार छोड़ेगा, वैसे-वैसे इजराइली सेना गाजा से अपनी वापसी पूरी करेगी। इसके बाद क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी एक अंतरराष्ट्रीय स्टेबलाइजेशन फोर्स और नई फिलिस्तीनी पुलिस संभालेगी।
रिपोर्टों के मुताबिक, हमास की सहमति के बाद अब 14 दिन की प्रक्रिया शुरू होगी। इस दौरान समझौते के प्रत्येक चरण को लागू करने की समय-सीमा और अन्य प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
डोनाल्ड ट्रम्प ने इस समझौते को अपने प्रस्तावित 20-पॉइंट गाजा प्लान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि यह गाजा में स्थायी शांति और सुरक्षा स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।









