- स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान मची भगदड़
- हादसे में 18 प्रवासियों की मौत
- 100 से ज्यादा स्पेनिश और मोरक्को के जवान घायल
रबात/मैड्रिड। अफ्रीकी देश मोरक्को से स्पेन में जबरन प्रवेश करने की कोशिश के दौरान गुरुवार सुबह भीषण भगदड़ मच गई। इस हादसे में कम से कम 18 अफ्रीकी प्रवासियों की मौत हो गई, जबकि स्पेन और मोरक्को के 100 से अधिक सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बेहतर जीवन और रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में अफ्रीकी और एशियाई प्रवासी यूरोप पहुंचने का प्रयास करते हैं। इसी क्रम में करीब 3,000 प्रवासियों ने सुबह के समय स्यूटा सीमा से स्पेन में प्रवेश की कोशिश की। संकरी सीमा, बाड़ और सुरक्षा घेराबंदी के कारण अफरा-तफरी मच गई, जिससे कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। हादसे में दम घुटने, दबने और समुद्र में डूबने से कई लोगों की जान चली गई।
स्यूटा भौगोलिक रूप से अफ्रीका में स्थित है, लेकिन यह स्पेन और यूरोपीय संघ (EU) का हिस्सा है। इसी वजह से यह यूरोप में प्रवेश का प्रमुख मार्ग माना जाता है। स्यूटा और मेलिला ऐसे दो शहर हैं, जहां अफ्रीका और यूरोप की सीधी जमीनी सीमा मिलती है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में भी करीब 1,500 प्रवासी स्यूटा में प्रवेश कर चुके थे। यहां कई लोग समुद्र के रास्ते, छोटी नावों से या सीमा पर लगी ऊंची बाड़ पार कर यूरोप पहुंचने की कोशिश करते हैं। हालांकि, सीमा पर तैनात सुरक्षाबल और आधुनिक निगरानी व्यवस्था अक्सर ऐसे प्रयासों को विफल कर देती है।









