लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में एक महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना का पता तब चला, जब स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत उनके पति मंगलवार शाम ड्यूटी से घर लौटे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, जानकीपुरम सेक्टर-8 स्थित आवास में रहने वाले अनिल त्रिपाठी सीतापुर के महिला चिकित्सालय में प्रधान सहायक के पद पर तैनात हैं। मंगलवार शाम करीब 4 बजे जब वह ड्यूटी से घर पहुंचे तो मुख्य गेट खुला था, लेकिन एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
अनिल त्रिपाठी ने कई बार आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया और उनकी मदद से दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर उनकी पत्नी आशा त्रिपाठी (47) साड़ी के सहारे पंखे से फंदे पर लटकी मिलीं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









