लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में यूपी पुलिस की जमीन पर भूमाफिया के कब्जे का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि भूमाफिया ने पुलिस के नाम दर्ज जमीन अपने नाम करा ली थी, लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी यूपी पुलिस मौन बनी रही।
सीएम योगी ने सख्त अंदाज में कहा, “मैं आपकी जगह होता तो उसे बुलाता, दो किक मारता और जमीन खाली कराता।” उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि आज अपराधी एक चौराहे पर अपराध करता है और अगले चौराहे पर ढेर हो जाता है।
CID सीरियल का जिक्र कर समझाया फॉरेंसिक जांच का महत्व
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘CID’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले परिवार के लोग साथ बैठकर टीवी देखते थे। उस दौर में CID जैसे सीरियल में दिखाया जाता था कि एक बाल या अंगुलियों के निशान के आधार पर अज्ञात अपराधी तक कैसे पहुंचा जाता है।
योगी ने कहा कि उस समय ऐसी जांच लोगों के लिए किसी सपने जैसी थी, लेकिन आज फॉरेंसिक संस्थान आधुनिक तकनीक के जरिए इसे साकार कर रहे हैं। उन्होंने परिवारों में बदलते सामाजिक संबंधों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले एक ही घर में रहने वाले लोग साथ बैठकर कार्यक्रम देखते थे, जबकि आज एक छत के नीचे रहने वालों की सोच और दिशाएं अलग-अलग हो गई हैं।
टेकसंगम सम्मेलन में LEXQ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (UPSIFS) पहुंचे। यहां तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संवाद-2026 के तहत आयोजित टेकसंगम सम्मेलन के दूसरे दिन उद्घाटन सत्र में उन्होंने हिस्सा लिया।
इस दौरान सीएम योगी ने LEXQ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की और ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन कंस्ट्रक्शन’ पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम में फॉरेंसिक विज्ञान, आधुनिक तकनीक और अपराध की जांच में वैज्ञानिक तरीकों की भूमिका पर जोर दिया गया।









