गोविंद साहब में मुख्यमंत्री कार्यक्रम की तैयारियों की जांच

डीएम-एसपी ने संभाली कमान-सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्था परखी, अधिकारियों को समय से काम पूरा करने के निर्देश

अंबेडकरनगर। गोविंद साहब में शुक्रवार को होने वाले मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मंच व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, लोगों के प्रवेश और निकास, पार्किंग, यातायात व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की और शेष व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

हर व्यवस्था पर नजर, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

स्थल निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम में लगाए गए अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। इसमें सभी को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। उन्होंने यातायात संचालन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर अलर्ट पुलिस

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आम लोगों के सुगम आवागमन को लेकर सतर्क रहने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मी अनुशासन बनाए रखें और लोगों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button