लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार रात हुई तेज बारिश के बाद शुक्रवार सुबह धूप और बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सुहावना हो गया। पिछले चार दिनों की लगातार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। इस दौरान शहर में 91.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिनभर धूप और बादलों के बीच मौसम बदलता रहेगा तथा कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार को लखनऊ में 26.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस दिन की सामान्य वर्षा 8.3 मिमी की तुलना में 221 प्रतिशत अधिक रही। वहीं, अलीगंज क्षेत्र में एक ही दिन में 78.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
हालांकि, पूरे मानसून सीजन की बात करें तो 1 जून से 6 अगस्त तक लखनऊ में 261.9 मिमी वर्षा हुई है, जबकि सामान्य औसत 360.8 मिमी है। यानी इस सीजन में अब तक 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 85 प्रतिशत रही।









