लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ कैंट की 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। करीब ₹101 करोड़ की लागत से पूरी होने वाली इन परियोजनाओं का उद्देश्य कैंट क्षेत्र में नागरिक और सैन्य सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
CM योगी के साथ दिलकुशा लॉन पहुंचे
राजनाथ सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सुबह करीब 10:50 बजे दिलकुशा लॉन पहुंचे। यहां उन्होंने सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इस दौरान लखनऊ के भाजपा विधायक, प्रदेश सरकार के मंत्री, मेयर सुषमा खर्कवाल और कैंट बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे।
अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण
इसके बाद राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुबग्गा-सीतापुर रोड बाईपास स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास चौराहे पर अमर स्वतंत्रता सेनानी रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया।
लखनऊ कैंट को आधुनिक बनाने का लक्ष्य
रक्षामंत्री ने कहा कि 12 परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि लखनऊ छावनी के भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। इन योजनाओं में बेहतर जलापूर्ति, शिक्षा, खेल सुविधाएं, नागरिक सुविधाएं, आधुनिक तकनीक और व्यवस्थित पार्किंग जैसी जरूरतों को शामिल किया गया है।
सरकार के साथ नागरिकों की भागीदारी जरूरी
राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ के विकास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महत्वपूर्ण योगदान है। केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में होने पर विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, लेकिन विकास में नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।









